*नन्हे - मुन्नों की प्रतिभा को मिला मंच- अभिभावक हुए अभिभूत* « 12/Dec/2025
बच्चों में आत्मविश्वास ,रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक समृद्धि पैदा करने के उद्देश्य से *भारतीय विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर- 39, लुधियाना* में *कक्षा प्रस्तुति समारोह* का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साह पूर्वक किया गया जिसमें नर्सरी एवं एल.के.जी. कक्षाओं के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों ने प्रतिभाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ जिससे वातावरण में स्नेह, उजास एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। तत्पश्चात नन्हें बच्चों द्वारा “गीता सार” के सरस व भावपूर्ण पाठ ने पूरे सभागार को मधुरता एवं आध्यात्मिकता से अभिभूत कर दिया। इस अवसर पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का मनमोहक प्रदर्शन करते हुए विषय आधारित प्रस्तुतियों- *सेव वाॕटर, जोश से परिपूर्ण पंजाबी नृत्य प्रस्तुति, नर्सरी कम्युनिटी हेल्पर्स, एरोबिक्स तथा रेट्रो* जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत के शिक्षक तथा एल. के. जी. कक्षा के बिर प्रताप द्वारा प्रस्तुत लयबद्ध तबला जुगलबंदी ने इस कार्यक्रम में कलात्मक प्रतिभा का स्पर्श जोड़ दिया। बच्चों की मासूम अदाओं एवं उत्साह तथा अभिभावकों के साथ *वार्तालाप, खेल और मनमोहक रैंप वॉक* जैसे संवादात्मक सत्रों ने इस संपूर्ण कार्यक्रम को जीवंत रूप प्रदान किया। अभिभावकों द्वारा बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए हृदय से विद्यालय का आभार व्यक्त किया गया। *प्रधानाचार्या श्रीमती उपासना जी मोदगिल* ने सभी बच्चों, शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए सबका धन्यवाद किया तथा कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मंच प्रदान कर उनके आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना था। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक होती हैं। यह संपूर्ण रंगारंग कार्यक्रम बच्चों की मुस्कान और तालियों की गूँज के साथ सुखद वातावरण में समाप्त हुआ।