बच्चों में आत्मविश्वास ,रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक समृद्धि पैदा करने के उद्देश्य से दिनांक 13 दिसंबर, 2025 को *भारतीय विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर- 39, लुधियाना* में प्री नर्सरी एवं यू.के.जी. कक्षाओं का *कक्षा प्रस्तुति समारोह* अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया जिसमें इन कक्षाओं के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों ने प्रतिभाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ जिससे वातावरण में स्नेह, उजास एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। तत्पश्चात नन्हें बच्चों द्वारा “गीता सार” के सरस व भावपूर्ण पाठ ने पूरे सभागार को मधुरता एवं आध्यात्मिकता से अभिभूत कर दिया। इस अवसर पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का मनमोहक प्रदर्शन करते हुए *राजस्थानी एवं हरियाणवी नृत्य, चिट चैट, टारो, पंजाबी नृत्य* जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के *संगीत विषय के शिक्षक श्रीमान जयदेव तथा नर्सरी कक्षा के बिर प्रताप सिंह* द्वारा प्रस्तुत लयबद्ध तबला जुगलबंदी ने इस कार्यक्रम में कलात्मक प्रतिभा का स्पर्श जोड़ दिया। बच्चों की मासूम अदाओं एवं उत्साह तथा अभिभावकों के साथ *वार्तालाप, खेल और मनमोहक रैंप वॉक* जैसे संवादात्मक सत्रों ने इस संपूर्ण कार्यक्रम को जीवंत रूप प्रदान किया। नन्ही- मुन्नी मुटियारों की मनमोहक गिद्दा प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया,जिसमें प्यारी छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पंजाबी लोकसंस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। अभिभावकों द्वारा बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए हृदय से विद्यालय का आभार व्यक्त किया गया। *प्रधानाचार्या श्रीमती उपासना जी मोदगिल* ने इस अवसर पर समस्त अभिभावकों, शिक्षक- शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए सबका धन्यवाद किया एवं कहा कि “हर बच्चा किसी न किसी विशेष प्रतिभा से युक्त होता है, आवश्यकता है उसे सही मार्गदर्शन और मंच देने की।” अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों की भूमिका पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और परिवार का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। यह संपूर्ण रंगारंग कार्यक्रम बच्चों की मुस्कान और तालियों की गूँज के साथ सुखद वातावरण में समाप्त हुआ।